नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने पर मचा घमासान! तेजस्वी के तंज पर भड़के अशोक चौधरी

नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद बिहार की राजनीति में बड़ा घमासान मचा है

नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने पर मचा घमासान! तेजस्वी के तंज पर भड़के अशोक चौधरी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना:नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद बिहार की राजनीति में बड़ा घमासान मचा है, क्योंकि इसे मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। एक तरफ जहाँ विपक्षी नेता तंज कस रहे हैं, वहीं नीतीश कुमार के बेहद करीबी और मंत्री अशोक चौधरी ने विरोधियों को आड़े हाथों लिया है। अशोक चौधरी ने तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव के बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए इसे 'घटिया सोच' करार दिया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य बन चुके हैं। शपथ ग्रहण के दौरान उनके चेहरे पर एक अलग ही संतोष और खुशी नजर आई। लेकिन इस कदम ने बिहार की सियासत में 'शब्द युद्ध' छेड़ दिया है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने राज्यसभा की शपथ ली है, प्रधानमंत्री पद की नहीं।

​तेजस्वी के इस वार पर मंत्री अशोक चौधरी ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि "यह घटिया लोगों की घटिया सोच है। नीतीश कुमार ने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति की है। 2014 में उन्होंने पद छोड़कर जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया था। उनके परिवार में ऐसा कोई उदाहरण नहीं है; वहाँ तो जब बाबूजी जेल गए, तो माताजी को मुख्यमंत्री बना दिया गया।" अशोक चौधरी यहीं नहीं रुके। उन्होंने साफ किया कि नीतीश कुमार चारों सदनों (लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद) का हिस्सा बनने वाले  नेताओं में से एक हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बात से दुखी है कि उनके चहेते नेता अब राज्यसभा चले गए हैं, लेकिन तेजस्वी यादव को इसमें प्रधानमंत्री पद क्यों नजर आ रहा है?

वहीं, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर अशोक चौधरी ने तल्ख अंदाज में कहा कि "आज अखिलेश यादव को बहुत प्यार आ रहा है? जब 'इंडिया गठबंधन' बन रहा था, तब नीतीश कुमार ही उत्तर प्रदेश और देश भर में दौड़ रहे थे। तब उन्हें नीतीश जी की चिंता नहीं थी, आज जब वह राज्यसभा चले गए तो उन्हें भाजपा की याद आ रही है।"